Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दिल्ली में MCD के चेयरपर्सन और डिप्टी चेयरपर्सन का आज होगा चुनाव

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की सर्वोच्च समिति यानी स्थायी समिति के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन पद के लिए आज चुनाव होगा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच इस चुनाव को लेकर सीधा मुकाबला होने जा रहा हैं. दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है और सदस्यों को साधने की रणनीति में जुटे हैं. भाजपा ने चेयरमैन पद के लिए गौतमपुरी वार्ड से पार्षद सत्या शर्मा को उम्मीदवार बनाया है. तो वहीं, आम आदमी पार्टी ने जनकपुरी वेस्ट से पार्षद प्रवीण कुमार को मैदान में उतारा है. उधर डिप्टी चेयरमैन पद के लिए भाजपा ने भाटी वार्ड से पार्षद सुंदर सिंह को, जबकि 'आप' की ओर से सुंदरनगरी वार्ड से पार्षद मोहनी जीनवाल को मैदान में उतारा है.

बता दें कि, एमसीडी की स्थायी समिति में कुल 18 सदस्य हैं, जिनमें भाजपा के पास 11 और आम आदमी पार्टी के पास 7 सदस्य हैं. बहुमत के आंकड़े को देखते हुए भाजपा की स्थिति फिलहाल मजबूत मानी जा रही है, हालांकि चुनावी राजनीति में अंतिम नतीजा मतदान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. चुनाव के लिए समिति की बैठक दोपहर 2 बजे निगम मुख्यालय में बुलाई गई है. बैठक की अध्यक्षता महापौर राजा इकबाल सिंह करेंगे, जो इस चुनाव में पीठासीन अधिकारी की भूमिका में रहेंगे. मतदान के तुरंत बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे. चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है.

स्थायी समिति एमसीडी की सबसे प्रभावशाली इकाई मानी जाती है, ऐसे में इस चुनाव पर दिल्ली की सियासी नजरें टिकी हुई हैं. ढाई साल से दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति का चुनाव नहीं हुआ हैं. इसकी वजह से दिल्ली नगर निगम महत्वपूर्ण कामकाज ठप पड़ा हुआ है. स्थायी समिति से मंजूरी के इंतजार में कई योजनाएं शुरू ही नहीं हो पाई है.