Breaking News

MP: ऑटो पलटने से कांग्रेस विधायक विपिन जैन घायल, सिर में लगी चोट     |   अफगानिस्तान में हमले पर पाकिस्तान का दावा, आतंकी ठिकाने टारगेट     |   मैक्रों करेंगे G7, चीन और IMF के साथ वर्चुअल बैठक     |   असम लोकसभा उपचुनाव लड़ सकती हैं सुष्मिता देव, सूत्रों का दावा     |   बीजेपी में शामिल हो सकती हैं TMC सांसद सुष्मिता- सुत्र     |  

दिल्ली NCR में धूल भरी आंधी का कहर, तेज हवाओं ने तोड़ा 25 साल पुराना रिकॉर्ड

दिल्ली में मंगलवार को धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चली। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के पालम इलाके में शाम के वक्त हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिसने साल 2001 में बने 25 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस दौरान दिल्ली के पूसा और सफदरजंग समेत कई इलाकों में भी 64 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी के साथ ही दिल्ली में तपिश भी बरकरार रही और रिज इलाके में पारा सामान्य से करीब 4 डिग्री ऊपर 44.7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव पाकिस्तान के पास बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से हुआ है। राहत की बात यह है कि 11 जून से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने वाली हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश होगी और तापमान 40 डिग्री से नीचे आ जाएगा। इससे पहले के सालों में और भी तेज रफ्तार से हवाएं चलने के मौके दर्ज किए गए हैं। 25 मई 1991 को 147 किलोमीटर प्रति घंटा, दो मई 1989 को 145 किलोमीटर प्रति घंटा, छह जून 1997 को 139 किलोमीटर प्रति घंटा और 16 जून 1988 को 126 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

तूफान के दौरान दूसरे स्टेशनों पर भी तेज हवाएं दर्ज की गईं। पूसा में शाम 7:30 बजे हवा की अधिकतम रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा, सफदरजंग में शाम 7:07 से 7:09 के बीच 64 किलोमीटर, जाफरपुर में शाम 7 बजे 59 किलोमीटर प्रति घंटा, छतरपुर में शाम 7:15 बजे 56 किलोमीटर प्रति घंटा, पीतमपुरा में शाम 6:30 बजे 35 किलोमीटर प्रति घंटा, लोदी रोड पर शाम 7:45 बजे 31 किलोमीटर प्रति घंटा, जनकपुरी में शाम 7:30 बजे 30 किलोमीटर प्रति घंटा और मयूर विहार में शाम 7:30 बजे 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार दर्ज की गई।

तेज हवाओं के साथ-साथ शहर में तापमान भी काफी बढ़ गया। मौसम केंद्रों में, रिज पर सबसे ज्यादा तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा था। इसके बाद लोदी रोड पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री ज्यादा था। पालम में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा है.

अयानगर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.5 डिग्री ज्याद है, और सफदरजंग में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री ज्यादा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।