अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा है. पूरी दुनिया में लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं और इसे एक गलत फैसला करार दे रहे हैं. लेकिन मंगलवार को ट्रंप ने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. ट्रंप ने वाशिंगटन में रिपब्लिकन डिनर में कहा, ‘मुझे पता है मैं क्या कर रहा हूं.’ अब तक ट्रंप के टैरिफ से फार्मा कंपनियां बची हुई थीं. उन्हें भी ट्रंप झटका देने की तैयारी में हैं. अब वो दवा कंपनियों पर भी भारी टैक्स लगाने वाले हैं. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि चीन से आने वाले हर सामान पर 84% टैक्स और पहले से लागू 34% टैक्स को मिलाकर कुल 104% टैरिफ लगेगा. ट्रंप ने अपनी टीम से कहा है कि जो नेता बातचीत के लिए तैयार हों उनके साथ बातचीत कर डील करें. वहीं चीन ने टैरिफ के जवाब में कहा है कि हम अंत तक लड़ेंगे.
अमेरिका के राष्ट्रपति और टैरिफ किंग डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़ा धमाका किया है। दुनियाभर के 180 से अधिक देशों पर 2 अप्रैल को पारस्परिक टैरिफ लगाने के बाद ट्रंप ने अब एलान किया है कि जल्द ही दवाओं के आयात पर शुल्क लगाया जाएगा। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका जल्द ही दवा आयात पर बड़े टैरिफ की घोषणा करेगा। नेशनल रिपब्लिकन कांग्रेसनल कमेटी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि इस टैरिफ से दवा कंपनियों को अपना कारोबार अमेरिका में सेटअप करना पड़ेगा।