वाराणसी के कैंट विधानसभा क्षेत्र के भेलूपुर वार्ड नंबर 51 में सीवर, पेयजल, सड़क निर्माण और मिनी ट्यूबवेल से जुड़े कुल 78.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने खोजवां बाजार स्थित गांधी चौक के रामलीला मैदान में इन परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इस दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं में सबसे बड़ा काम 72.71 करोड़ रुपये की लागत से भेलूपुर क्षेत्र में करीब 17 किलोमीटर लंबी सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का है। इसके साथ ही घर-घर कनेक्शन भी दिए जाएंगे। इसके अलावा 4.55 करोड़ रुपये से सड़क निर्माण और 1 करोड़ रुपये से मिनी ट्यूबवेल व रीबोरिंग के काम शुरू किए गए हैं।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र की करीब 70 साल पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करना है। नई सीवर और पेयजल लाइन बिछने से सीवर जाम, ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही घरों में साफ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काशी का विकास नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नई सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान कुछ महीनों तक लोगों को आवागमन में अस्थायी परेशानी हो सकती है, लेकिन काम पूरा होने के बाद सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए पुराने वार्डों में सीवर और पेयजल नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा और जलभराव की समस्या को कम करने पर भी काम होगा। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदों, प्रतिनिधियों, नामित पार्षद, नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।