देव दीपावली-2026 पर वाराणसी के गंगा घाटों की दिव्य छटा देखने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए योगी सरकार ने खास तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने पर्यटकों के लिए चार दिन और तीन रात का ‘देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज तैयार किया है। इसके जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक काशी के जगमगाते घाटों, गंगा आरती, प्राचीन मंदिरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस पैकेज का उद्देश्य देव दीपावली के भव्य आयोजन को पर्यटकों के लिए यादगार बनाना और काशी की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना है। पर्यटकों की जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए पैकेज को तीन श्रेणियों में तैयार किया गया है।
गंगा आरती और नौका विहार होगा खास आकर्षण
इस विशेष टूर पैकेज में पर्यटकों को देव दीपावली के दौरान गंगा के जगमगाते घाटों को नाव से देखने का अवसर मिलेगा। ‘देव दीपावली गंगा बोट एक्सपीरियंस’ के तहत गंगा की लहरों के बीच दीपों से सजे घाटों का नजारा देखने को मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटक गंगा आरती और काशी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद भी ले सकेंगे।
यात्रा के पहले दिन वाराणसी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा। होटल में ठहरने की व्यवस्था के बाद उन्हें काशी विश्वनाथ धाम में संध्या दर्शन और गंगा आरती का अनुभव कराया जाएगा।
काशी के प्रमुख मंदिरों से सारनाथ तक भ्रमण
यात्रा के दूसरे दिन सुबह गंगा में नाव की सवारी कराई जाएगी। इसके बाद पर्यटक काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन कर सकेंगे।
पैकेज में बौद्ध धर्म के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल सारनाथ का भ्रमण भी शामिल है। यहां पर्यटक काशी की धार्मिक परंपराओं के साथ बौद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से जान सकेंगे। हेरिटेज वॉक के जरिए शहर की पुरानी गलियों और सांस्कृतिक पहचान का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
देव दीपावली पर जगमगाते घाटों का नजारा
यात्रा का तीसरा दिन देव दीपावली उत्सव के नाम रहेगा। इस दौरान पर्यटक दीपों से सजे गंगा घाटों, भव्य सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। विशेष बोट राइड के जरिए गंगा से घाटों की रोशनी और दीपोत्सव का मनोरम दृश्य देखने को मिलेगा।
काशी की प्राचीन परंपरा से जुड़े इस उत्सव को करीब से अनुभव करने के लिए यह पैकेज तैयार किया गया है, ताकि पर्यटक धार्मिक दर्शन के साथ शहर की सांस्कृतिक विरासत को भी समझ सकें।
₹15,999 से शुरू होगा टूर पैकेज
यूपीएसटीडीसी ने पर्यटकों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया है। सभी कीमतें प्रति व्यक्ति और दो लोगों के एक कमरे में ठहरने यानी ट्विन शेयरिंग के आधार पर हैं। जीएसटी अतिरिक्त देना होगा।
-
बजट पैकेज: ₹15,999 प्रति व्यक्ति, स्टैंडर्ड होटल में ठहरने की सुविधा।
-
डीलक्स पैकेज: ₹21,999 प्रति व्यक्ति, 3-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा।
-
प्रीमियम पैकेज: ₹31,999 प्रति व्यक्ति, 4 या 5-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा।
पैकेज में तीन रातों का आवास, रोजाना नाश्ता, एसी ट्रांसपोर्टेशन, देव दीपावली स्पेशल बोट राइड, सुबह की गंगा बोट राइड, गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और टूर एस्कॉर्ट या प्रतिनिधि की सुविधा शामिल है।
वेबसाइट और फोन से करा सकते हैं बुकिंग
देव दीपावली के दौरान काशी घूमने के इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर जाकर जानकारी ले सकते हैं। बुकिंग के लिए 8303019844 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
काशी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने की तैयारी
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देव दीपावली काशी की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का दिव्य उत्सव है। यह आयोजन दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। सरकार का प्रयास है कि आगंतुक दीपों से जगमगाते घाटों को देखने के साथ यहां की आध्यात्मिक परंपराओं को भी अनुभव करें।
वहीं, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि इस पैकेज का उद्देश्य पर्यटकों को काशी की आध्यात्मिकता, सांस्कृतिक समृद्धि और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। योगी सरकार की यह पहल देव दीपावली के आयोजन को पर्यटन से जोड़ने और काशी की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।