घने कोहरे और बढ़ते प्रदूषण ने दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. रविवार देर रात से राजधानी और आसपास के इलाकों में कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है. कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई है. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दिल्ली-एनसीआर पर घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण का खतरनाक स्तर पर पहुंच गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 390 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है. देर रात यह स्तर 400 के पार चला गया, जिससे सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
खराब मौसम का सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा है. इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए यात्रा सलाह जारी की है. हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, घने कोहरे के कारण उड़ानें CAT-III परिस्थितियों में संचालित हो रही हैं, जिससे उड़ानों में देरी और रद्द होने की संभावना है. यात्रियों को हवाई अड्डे जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है. एयरलाइंस ने भी यात्रियों को अलर्ट किया है. इंडिगो ने कहा कि दिल्ली और हिंडन हवाई अड्डों पर कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण, उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं और संचालन सामान्य से धीमा हो सकता है. स्पाइसजेट ने कहा कि खराब विजिबिलिटी के कारण दिल्ली आने-जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं.
एयरलाइंस ने भी यात्रियों को अलर्ट किया है. इंडिगो ने कहा कि दिल्ली और हिंडन हवाई अड्डों पर कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण, उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं और संचालन सामान्य से धीमा हो सकता है. स्पाइसजेट ने कहा कि खराब विजिबिलिटी के कारण दिल्ली आने-जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं.
घने कोहरे का असर सड़क यातायात पर भी साफ दिख रहा है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा सहित पूरे एनसीआर में सड़कों पर वाहन बहुत धीमी गति से चल रहे हैं. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थिति अधिक गंभीर है, जहां विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई है. ड्राइवरों को हेडलाइट्स और पार्किंग लाइट्स का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, फिर भी दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है. खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए नोएडा जिला प्रशासन ने एक बड़ा एहतियाती फैसला लिया है. कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण, जिले के सभी स्कूलों को 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक बंद रखने की घोषणा की गई है.