Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

रक्षाबंधन पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की खास पहल, लोगों को राखी बांधकर दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्प

रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर एक खास अभियान चलाया। “राखी का वादा, सुरक्षा का इरादा” नाम से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए जागरूक करना था। दिल्ली के अलग-अलग प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक प्वाइंट्स पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने यह अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन करने वाले लोगों की पुलिस ने सराहना की।

अभियान के दौरान महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों और दूसरे सड़क यात्रियों को राखी बांधी। यह राखी सुरक्षा और जिम्मेदारी के वादे का प्रतीक थी। इसके बदले लोगों से अपील की गई कि वे आगे भी ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और सड़क पर अनुशासन बनाए रखेंगे।

यह अभियान शाहदरा सर्किल, चिंतामणि रेड लाइट, सीलमपुर रेड लाइट और मजनू का टीला चेक पोस्ट समेत दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने और लेन में चलने की सलाह दी गई।

पुलिस ने पैदल चलने वालों और सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान बचाना भी हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ट्रैफिक नियमों का पालन सिर्फ कानूनी मजबूरी नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने की जिम्मेदारी भी है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “रक्षाबंधन पर सिर्फ राखी नहीं, सुरक्षा का वादा भी—ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिंदगी सुरक्षित रखें।”