Breaking News

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से की मुलाकात     |   इजरायल को ईरान की चेतावनी- लेबनान छोड़ो, वरना शर्मनाक हार का सामना करने के लिए रहो तैयार     |   झारखंड: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और पैसेंजर व्हीकल की टक्कर में 7 की मौत     |   डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला: ईरान से गेहूं, सोयाबीन और मक्का खरीदेगा अमेरिका     |   EPFO पोर्टल आज से 28 जून तक बंद रहेगा, कई ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी प्रभावित     |  

दिल्ली पुलिस ने फर्जी IGL गैस मैसेज से ठगी करने वाले साइबर गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने फर्जी IGL गैस कनेक्शन बंद होने का संदेश भेजकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को मैसेज भेजते थे कि उनका IGL गैस कनेक्शन बंद होने वाला है। इसके बाद मदद के नाम पर एक नंबर पर संपर्क करने को कहा जाता था। जब पीड़ित कॉल करता था, तो उसे WhatsApp के जरिए एक APK फाइल भेजी जाती थी। इस फाइल को मोबाइल में इंस्टॉल करते ही आरोपी फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लेते थे और बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाल लेते थे।

इस मामले में एक महिला से करीब 2.64 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने चोरी किए गए पैसों से महंगे मोबाइल फोन, गिफ्ट कार्ड और अन्य सामान खरीदकर रकम को छिपाने की कोशिश की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़िता के क्रेडिट कार्ड से दो मोबाइल फोन खरीदे गए थे। उनकी डिलीवरी दिल्ली के शाहीन बाग के एक फर्जी पते पर कराई गई थी। तकनीकी जांच में इस नेटवर्क का संबंध कोलकाता और झारखंड से भी सामने आया।

पुलिस ने सबसे पहले शाहीन बाग से एक सेल्समैन को गिरफ्तार किया, जो साइबर अपराधियों के लिए पार्सल प्राप्त कर उन्हें कोलकाता भेजता था। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कोलकाता के खिदिरपुर हब से एक अन्य आरोपी को पार्सल लेते समय गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि वह फर्जी नाम से कई पार्सल प्राप्त करता था। आगे की जांच में झारखंड के दो अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई, जो साइबर ठगी से खरीदे गए मोबाइल फोन और अन्य सामान को कम कीमत पर बेचने और रकम को ठिकाने लगाने का काम करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, कई डिजिटल डिवाइस, सोने-चांदी के सामान, नकदी और एक वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह साइबर ठगी से मिली रकम को महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान, ऑनलाइन शॉपिंग और गिफ्ट कार्ड खरीदने में इस्तेमाल करता था, ताकि अवैध कमाई का पता न चल सके। मामले की आगे की जांच जारी है।