Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान राजधानी के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों से सीधे मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, CM रेखा गुप्ता ने लोगों की शिकायतें एक-एक करके सुनीं और मामलों की गंभीरता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने और तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दरवाजे हमेशा जनता के लिए खुले रहने चाहिए। लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने, अपनी बात संवेदनशीलता के साथ रखने और समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि यही दिल्ली सरकार की कार्य संस्कृति है। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने शिक्षा, लंबित पुरस्कार राशि, जलभराव, सीवर व्यवस्था, बिजली सुरक्षा, साफ-सफाई, अवैध निर्माण और अवैध कनेक्शन समेत कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को जांच, आवश्यक कार्रवाई और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया।

कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पहले भी संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करने और जहां प्रशासनिक कार्रवाई जरूरी है, वहां मामलों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल लोगों की शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उन्हें समाधान तक पहुंचाना भी है।

CM रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार के दरवाजे जनता के लिए खुले हैं और लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली का हर नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है, उनकी चिंता सरकार की चिंता है और समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

जनसुनवाई के दौरान दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अभिवादन किया और योजना को लेकर खुशी और भरोसा जताया। महिलाओं ने 1 सितंबर से पात्र लाभार्थियों को दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 2,500 रुपये की पहली किस्त जारी होने पर खुशी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जनसुनवाई में कुछ नागरिक अपने हाथों से तैयार किए गए लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी मुख्यमंत्री के लिए लेकर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को मूर्तियां भेंट कीं और जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।