Breaking News

लंदन जा रही एअर इंडिया फ्लाइट AI111 तकनीकी गड़बड़ी के चलते एहतियातन दिल्ली लौटी     |   केरलम साइबर पुलिस ने AI-जनरेटेड फेक वीडियो फैलाने पर X अकाउंट्स पर केस दर्ज किया     |   इजरायल की बंदर अब्बास पर भीषण स्ट्राइक, ईरान के नेवी कमांडर तंगसीरी की मौत     |   बंगाल चुनाव: BJP की B टीम बना चुनाव आयोग, वफादारों को ऑब्ज़र्वर नियुक्त किया- TMC     |   दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के लड़ाकों की गोलीबारी में एक इजरायली सैनिक मारा गया     |  

देहरादून-पिथौरागढ़ फ्लाइट सेवा का शुभारंभ, एक घंटे में पूरी होगी यात्रा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून फ्लाइट सेवा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 42-सीटर विमान सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर मात्र एक घंटा रह जाएगा, जो रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल अमीर वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब आम नागरिक भी हवाई सफर कर सकता है। उन्होंने बताया कि 2016 में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना ने छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर नागरिक उड्डयन क्षेत्र में नई क्रांति लाई है।

उन्होंने आगे बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में UDAN 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना पर लगभग 29,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा पहाड़ी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

धामी ने कहा कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवनरेखा बन चुकी हैं। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से लेकर गंभीर मरीजों को समय पर बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में UDAN योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं।

वहीं, 2023 में शुरू की गई "उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना" के तहत छह रूटों पर नियमित उड़ानें चल रही हैं। पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलिपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। उत्तराखंड को "एविएशन इकोसिस्टम को बढ़ावा देने वाला सर्वश्रेष्ठ राज्य" का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास तेज होगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है। साथ ही, नैनी सैनी एयरपोर्ट के अधिग्रहण के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और उत्तराखंड सरकार के बीच समझौता भी हुआ है। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए इस सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।