Breaking News

‘कांग्रेस किसी का भी अपमान करने में पीछे नहीं’, राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा     |   कांग्रेस युवराज ने सिख सांसद को गद्दार कहा, ऐसे लोग कांग्रेस को डुबोएंगे: PM मोदी     |   राज्यसभा: ‘कांग्रेस की असम के प्रति नफरत जाहिर’, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा     |   राज्यसभा: ‘पटेल के सपने को प्रधानमंत्री बनने का बाद पूरा किया’, पीएम मोदी ने कहा     |   हमारे दिल में छोटे किसानों को लेकर दर्द’, राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा     |  

इंदौर में दूषित पेयजल से 29वीं मौत का दावा, 62 साल के बुजुर्ग ने तोड़ा दम

मध्य प्रदेश में इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद उसके परिजनों ने बुधवार को कहा कि उसे दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप के कारण जान गंवानी पड़ी है। ताजा मामले को मिलाकर स्थानीय लोगों ने महीना भर पहले फैले इस प्रकोप में अब तक कुल 29 लोगों की मौत का दावा किया है। हालांकि, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में 27 जनवरी (मंगलवार) को राज्य सरकार की पेश ‘डेथ ऑडिट’ रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि भागीरथपुरा में 16 लोगों की मौत का संबंध इस इलाके में दूषित पेयजल के कारण फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से हो सकता है।

परिजनों के मुताबिक भागीरथपुरा में रहने वाले खूबचंद बंधैया (62) ने उल्टी-दस्त के इलाज के दौरान अपने घर में मंगलवार को आखिरी सांस ली।
उनका बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। बंधैया के बेटे रोहित ने बताया,‘‘दूषित पानी पीने के कारण मेरे पिता को पिछले 15-20 दिन से उल्टी-दस्त की शिकायत थी। हम उन्हें भागीरथपुरा के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां उन्हें दवाइयां दी गई थीं। हमारे घर में चल रहे इलाज के दौरान उनकी मंगलवार को मृत्यु हो गई।’’

रोहित ने दावा किया कि उन्होंने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों से कहा था कि उनके पिता को अस्पताल में भर्ती कराया जाए, लेकिन उनके घर एंबुलेंस नहीं भेजी गई। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने भागीरथपुरा की पेयजल त्रासदी की न्यायिक जांच के लिए उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुशील कुमार गुप्ता की अगुवाई में एक सदस्यीय आयोग गठित किया है।

उच्च न्यायालय ने इस आयोग को न्यायिक जांच की कार्यवाई शुरू होने की तारीख से चार हफ्ते के भीतर अंतरिम रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से उल्टी-दस्त का प्रकोप दिसंबर के आखिर में शुरू हुआ था। भागीरथपुरा में 51 नलकूपों में दूषित पानी मिला और पानी की जांच रिपोर्ट में इसमें ‘ई-कोलाई’ बैक्टीरिया के बारे में पता चला। इस बैक्टीरिया के कारण भागीरथपुरा में बड़े पैमाने पर लोग संक्रमित हुए।भागीरथपुरा में नगर निगम की पेयजल पाइपलाइन में रिसाव के कारण इसमें एक शौचालय के सीवर का पानी मिल गया था।