Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार: बाकी राज्यों में भी जल्दी होगी SIR

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को कहा कि शेष राज्यों में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण जल्द ही शुरू किया जाएगा, क्योंकि ‘शुद्ध’ मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर कुमार ने कहा कि वर्तमान में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पुनरीक्षण प्रक्रिया ‘सुचारू रूप से’ संचालित की जा रही है। आयोग का स्थापना दिवस राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा,‘‘ निष्पक्ष मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू किया गया था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और प्रत्येक अपात्र नाम को हटा दिया जाए।’’

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है और असम में मतदाता सूचियों का ‘विशेष पुनरीक्षण’ अलग से जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘इसे (एसआईआर) जल्द ही शेष राज्यों में किया जाएगा।’’ कुमार ने कहा, ‘‘बिहार में एसआईआर की सफलता का सबसे ठोस प्रमाण यह था कि अंतिम मतदाता सूची के खिलाफ एक भी अपील दायर नहीं की गई, जिससे इसकी पवित्रता और विश्वसनीयता स्थापित हुई।’’

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि ‘इस मजबूत आधार’ पर कराया गया चुनाव ऐतिहासिक साबित हुआ, जिसमें 1951 के बाद से सबसे अधिक 67.13 प्रतिशत मतदान हुआ और महिला मतदाताओं की भागीदारी दर अभूतपूर्व रूप से 71.78 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने युवा मतदाताओं से गलत सूचना, भ्रामक जानकारी और झूठे दावों के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करने का आह्वान करता हूं। इसके लिए यह आवश्यक है कि वे चुनावी प्रक्रियाओं और निर्वाचन आयोग की विभिन्न पहलों के बारे में पूरी तरह से अवगत रहें।’’ भारत के गणतंत्र बनने से एक दिन पहले, 25 जनवरी 1950 को निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी।