Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित     |   महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार कल दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से करेंगी मुलाकात     |   बंगाल SIR फाइनल ड्राफ्ट रोल 28 फरवरी को जारी किया जाएगा     |   एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा मसेज, वाइस नोट भेज मांगे करोड़ों रुपये     |   चेन्नई पोर्ट के पास डीएमके कार्यकर्ताओं ने टीवीके कार्यकर्ताओं पर हमला किया     |  

आज भारत दौरे पर आएंगी कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद

भारत और कनाडा के रिश्तों में लंबे समय से चली आ रही तनातनी के बीच अब सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद आज से भारत यात्रा पर आ रही हैं। इस यात्रा के दौरान वह द्विपक्षीय व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग की रूपरेखा तय करने को लेकर वार्ता करेंगी।कनाडा की मंत्री, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ व्यापक चर्चा करेंगी। आज से शुरू हो रही आनंद की यात्रा का पहला पड़ाव दिल्ली होगा। 12 से 17 अक्तूबर के दौरान वह भारत के अलावा सिंगापुर और चीन के दौरे पर भी जाएंगी।

भारतीय मंत्रियों के साथ बैठकों में विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित होगा। कनाडा ने एक बयान में कहा कि आनंद नई दिल्ली में जयशंकर और गोयल से मुलाकात करेंगी। ये मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देश व्यापार विविधीकरण, ऊर्जा परिवर्तन और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रणनीतिक सहयोग के लिए रूपरेखा तय करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसमें कहा गया है, अनीता आनंद मुंबई भी जाएंगी, जहां वह कनाडा व भारत में निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही कनाडाई और भारतीय कंपनियों के अधिकारियों मुलाकात करेंगी।

विदेश मंत्री आनंद की भारत यात्रा, कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नथाली ड्रोइन की भारत यात्रा और भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल के साथ व्यापक वार्ता के तीन सप्ताह बाद हो रही है। डोभाल-ड्रोइन की बैठक के कुछ दिनों बाद ही कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को कुछ समुदायों को निशाना बनाने और भय का माहौल बनाने के लिए आतंकवादी संगठन घोषित किया था। बता दें कि अनीता आनंद को इस महीने की शुरुआत में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की नई कैबिनेट में विदेश मंत्री नियुक्त किया गया। कार्नी की पार्टी ने हाल ही में हुए चुनावों में जीत दर्ज की थी। अनीता आनंद पहले कनाडा की रक्षा मंत्री और विज्ञान मंत्री जैसे पदों पर काम कर चुकी हैं।

भारत और कनाडा के रिश्ते तब बिगड़ गए थे जब सितंबर 2023 में प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। भारत ने इन आरोपों को "बेबुनियाद और गलत"बताया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में गिरावट आई और एक-दूसरे के कई राजनयिकों को देश छोड़ने के लिए कहा गया। अब ट्रूडो के सत्ता से बाहर होने और अनीता आनंद के विदेश मंत्री बनने के बाद दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है। भारत पहले ही कह चुका है कि वह कनाडा के साथ विश्वास और संवेदनशीलता के आधार पर रिश्ते फिर से बनाने को तैयार है।