मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक सजग मतदाता के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए आज सुबह गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया का फॉर्म भरा। मुख्यमंत्री गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में झूलेलाल मंदिर के पास स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र के बूथ संख्या 223 के मतदाता हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत मंगलवार सुबह बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एसआईआर प्रक्रिया का फॉर्म उपलब्ध कराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, स्थानीय पार्षद एवं नगर निगम बोर्ड के उपसभापति पवन त्रिपाठी, जीडीए बोर्ड के सदस्य दुर्गेश बजाज आदि भी उपस्थित रहे।