Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

CM योगी आज करेंगे शाकुंभरी देवी क्षेत्र का दौरा, आपदा प्रभावित इलाके का लेंगे जायजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर जनपद के सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी क्षेत्र का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री हाल ही में आई आपदा से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे। तीन दिन पूर्व शाकुंभरी खोल में अचानक तेज जलप्रवाह आने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। पानी के तेज बहाव में दर्जनों वाहन बह गए थे, जबकि नदी की धार में बहने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए थे।

सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर के सामने से नदी गुजरती है और अचानक आए उफान ने श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानी में डाल दिया था। घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठे थे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सहारनपुर मंडलायुक्त (कमिश्नर) और डीआईजी ने शाकुंभरी देवी परिक्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। अधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर शाकुंभरी देवी पहुंचेंगे। यहां वह आपदा प्रभावित स्थलों का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय लोगों से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में राहत कार्यों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपदा से हुए नुकसान और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।