Breaking News

16 सितंबर को चीन जाएंगे ईरानी विदेश मंत्री अराघची, वांग यी से होगी वार्ता     |   दिल्ली में छात्रों के लिए 10 हजार बेड वाला हॉस्टल, CM रेखा गुप्ता का ऐलान     |   जंतर-मतर प्रोटेस्ट: मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को मिली अंतरिम जमानत     |   पीएम मोदी ने प्रख्यात बंगाली लेखक शरतचंद्र चट्टोपाध्याय को 150वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि     |   दिल्ली में सितंबर में दर्ज हुए डेंगू और मलेरिया के सबसे ज्यादा मामले: MCD     |  

CM योगी बुधवार को गोरखपुर में कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण, 300 लोगों की क्षमता से लैस है भवन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 16 सितंबर को गोरखपुर में एक और कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। जंगल नकहा नंबर-2 में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस कल्याण मंडपम से कम और मध्यम आय वर्ग के लोगों को शादी-ब्याह और अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए रियायती सुविधा मिलेगी। यह कल्याण मंडपम मुख्यमंत्री की विधायक निधि से उपलब्ध कराई गई धनराशि से बनाया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री 29 अगस्त को बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण कर चुके हैं। जंगल नकहा नंबर-2 का कल्याण मंडपम गोरखपुर में लोकार्पित होने वाला आठवां कल्याण मंडपम होगा।

GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के मुताबिक, वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर-2 में 2461 वर्गमीटर जमीन पर इस भवन का निर्माण कराया गया है। दो मंजिला कल्याण मंडपम में एक साथ करीब 300 लोग विभिन्न मांगलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।भवन में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस और चेंज रूम की सुविधा है। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं।

कल्याण मंडपम परिसर में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई हैं। इसके अलावा परिसर में फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है। इस सुविधा से लोगों को विवाह समारोह, सामाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक उत्सव आयोजित करने में सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ईज ऑफ लिविंग विजन के तहत गोरखपुर में वार्ड स्तर पर सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम की श्रृंखला तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने GDA और नगर निगम को निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए मैरिज हाउस के बेहतर और किफायती विकल्प के तौर पर इनका निर्माण करने का निर्देश दिया था। GDA के मुताबिक, दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी जारी है। इनमें एक वार्ड नंबर-7 महादेव झारखंडी और दूसरा वार्ड नंबर-2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनाया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे।

गोरखपुर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। यह ब्लड सेंटर IMA के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है।