बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे घबराएं नहीं, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।

बारिश को देखते हुए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।

जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में कुछ महिलाओं ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग ने गरीब व्यक्ति की जमीन पर अवैध या जबरन कब्जा किया है तो जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में पीड़ितों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
