Breaking News

जयपुर में फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की निर्माणाधीन छत गिरी, 10 घायल     |   पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक बहाल, दो लेन से शुरू हुआ यातायात     |   वेनेजुएला में भूकंप से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़ा, 3535 पहुंची तादाद     |   रूस-यूक्रेन युद्धः कीव पर मिसाइल हमले में मारे गए 21 लोग, यूक्रेनी अधिकारियों ने की पुष्टि     |   एस जयशंकर ने बहरीन के किंग से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई बात     |  

कल्याणी में CM योगी का रोड शो, BJP उम्मीदवार अनुपम बिस्वास के समर्थन में किया प्रचार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के कल्याणी क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार अनुपम बिस्वास के समर्थन में रोड शो किया। विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले आयोजित इस रोड शो में बड़ी संख्या में बीजेपी समर्थक शामिल हुए और मुख्यमंत्री ने पार्टी प्रत्याशी के लिए जोरदार प्रचार किया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज समाप्त हो रहा है। इस चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होना है। कल्याणी विधानसभा सीट राज्य की महत्वपूर्ण सीटों में से एक मानी जाती है, जहां कुल 2,48,306 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,25,988 पुरुष, 1,22,310 महिला और 8 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

इस सीट पर इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने सबुज दास, कांग्रेस ने असीमानंद मजूमदार, बीजेपी ने अनुपम बिस्वास और तृणमूल कांग्रेस ने डॉ. अतिंद्र नाथ मंडल को उम्मीदवार बनाया है। 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। बीजेपी के अंबिका रॉय ने तृणमूल कांग्रेस के अनिरुद्ध बिस्वास को करीब 2,206 वोटों से हराया था। नदिया जिले में स्थित यह सीट हमेशा से राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर के लिए जानी जाती रही है।

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी चंदननगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार दीपांजन कुमार गुहा के समर्थन में रोड शो किया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में जनसभाएं करने वाले हैं।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भी दूसरे चरण के मतदान से पहले मतदाताओं से अपनी पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “हमारी भाषा, संस्कृति और इस धरती की गौरवशाली विरासत की रक्षा के लिए मैं सभी नागरिकों से अपील करती हूं कि 29 अप्रैल को ‘जोराफूल’ निशान पर वोट देकर ‘मां-माटी-मानुष’ के उम्मीदवारों को जीत दिलाएं।”

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल चरम पर है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। पहले चरण में राज्य में रिकॉर्ड 93.2% मतदान दर्ज किया गया, जिसके बाद टीएमसी और बीजेपी दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं।