Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

बिहार: JDU नेता निशांत कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में संभाला पदभार

जदयू नेता निशांत कुमार ने शुक्रवार को बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया और कहा कि वह ईमानदारी और निष्ठा के साथ राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी सत्यनिष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं पूरी सच्चाई और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करूंगा। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा।”

इससे पहले जदयू सांसद संजय कुमार झा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जदयू नेता निशांत कुमार को मंत्री बनाए जाने पर प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार21 वर्षों तक अपने बेटे निशांत कुमार को राजनीति में नहीं लाए। जब उन्होंने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ा, तब पार्टी के लोगों को लगा कि उनकी जरूरत है, इसलिए वह पार्टी में आए और काम शुरू किया। लेकिन जब तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे, तब तक बिहार की जनता निशांत जी को ठीक से जानती भी नहीं थी।”

निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग दिए जाने पर संजय कुमार झा ने कहा, “मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग में अच्छा काम होगा। बिहार इतना बड़ा राज्य है और यहां की आबादी भी बहुत अधिक है, इसलिए स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर काम किया जाएगा।” गुरुवार को बिहार सरकार में बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ, जिसमें वरिष्ठ नेताओं और कई नए चेहरों सहित 32 मंत्रियों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया।

यह विस्तार भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने के बाद किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचंड जनादेश मिलने के बाद प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्रिमंडल का विस्तार किया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसे सत्तारूढ़ गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।

मंत्रिमंडल विस्तार के तहत भाजपा के 15, जनता दल (यूनाइटेड) के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1 नेता को मंत्री बनाया गया। भाजपा कोटे से शपथ लेने वालों में राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नितिश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रामा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय सिंह (टाइगर), इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं। जदयू कोटे से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत और बुलो मंडल ने शपथ ली।