बिहार मुख्यमंत्री का ऐलान थोड़ी देर में होने की संभावना है। इसके लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान पटना में हैं। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी अपने गृह राज्य में भाजपा के नेतृत्व में पहली सरकार के गठन में शामिल होने आए हैं। प्रदेश भाजपा दफ्तर का गेट आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। सिर्फ विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को ही अंदर जाने दे रहे हैं। थोड़ी देर में यहीं भाजपा विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान पार्टी के नेता यानी नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। अब तक के तमाम संकेत इशारा कर रहे हैं कि भाजपा विधायक दल के मौजूदा नेता सम्राट चौधरी को डिप्टी सीएम से प्रमोट करके मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है।
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने लगभग सवा 3 बजे लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा। इससे पहले उन्होंने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट की बैठक की। भाजपा के सीएम के नाम का ऐलान होने के बाद शाम 4 बजे बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में गठबंधन के पांच दलों के एमएलए नाम का अनुमोदन करेंगे। एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नया नेता सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में बीजेपी की अगुवाई में एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें सीमित संख्या में पांच घटक दलों के मंत्री शपथ लेंगे। समारोह में दिल्ली से भाजपा और एनडीए दलों के बड़े नेता आ सकते हैं।
नए सीएम को लेकर अटकलों का दौर चल रहा है, लेकिन खुली आंखों से जो राजनीतिक घटनाक्रम दिख रहा है और कल से जिस तरह भाजपा विधायक दल के मौजूदा नेता और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आवास नई सरकार के गठन को लेकर बैठकों-मुलाकातों का केंद्र बना हुआ है, उससे यह संभावना प्रबल है कि सम्राट चौधरी ही बिहार के नए और अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। सीएम पद के लिए नित्यानंद राय, विजय सिन्हा, जनक राम, रेणु देवी, दिलीप जायसवाल, संजय जायसवाल, मंगल पांडे जैसे कई नाम चर्चा में हैं। लेकिन भाजपा का फैसला शाम 3 बजे की बैठक में सामने आने तक कुछ तय रूप से नहीं कहा जा सकता।
भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। इसमें नए सीएम के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। सम्राट चौधरी का नाम नए मुख्यमंत्री के रूप में माना जा रहा है। बिहार के नए सीएम के रूप में सम्राट चौधरी का नाम तय माना जा रहा है। थोड़ी देर में औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।