पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में हुए गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। बता दें कि पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना हुई थी। पीड़िता मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली है। इस घटना पर पश्चिम बंगाल की पुलिस ने प्रतिक्रिया दी है।
इससे पहले पश्चिम बंगाल की पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा था कि दुर्गापुर में कॉलेज परिसर के बाहर शुक्रवार देर रात एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा पर हुए यौन उत्पीड़न से हम बेहद दुखी हैं और सभी को आश्वस्त करना चाहते हैं कि दोषियों को सजा जरूर मिलेगी। बंगाल पुलिस ने कहा कि पीड़िता का दर्द जितना ओडिशा का है, उतना ही हमारा भी है और हम अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। पीड़िता की हालत में सुधार हो रहा है और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। हम सभी से इस संबंध में कोई भी असत्यापित जानकारी साझा करने से बचने का आग्रह करते हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के संबंध में अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम है।
इस घटना पर पश्चिम बंगाल के विरोधी दल नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में नारी का सम्मान सुरक्षित नहीं है। दुर्गापुर की घटना सभी मीडिया में आ गई है। जलपाईगुड़ी के जिला राजगंज में एक राजवंशी परिवार की क्लास 7वीं में पढ़ने वाली 13 साल की लड़की के साथ रेप हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दालिम मोहम्मद (61) को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि ये दो घटनाएं क्यों घंटीं। एक एमबीबीएस की छात्रा है और दूसरी स्कूल की। सीएम ममता बनर्जी विशेष कौम को बढ़ावा दे रही है। सरकार रेपिस्ट को बचा रही है।