ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) में अमरोहा के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। ट्रेड शो के चौथे संस्करण में जिले की 6 प्रमुख इकाइयां और उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ट्रेड शो में रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और जापान पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हो रहे हैं। अमरोहा के जीआई टैग प्राप्त ढोलक और अन्य वाद्य यंत्रों, ओडीओपी के तहत मशहूर सेव, वुडन हैंडीक्राफ्ट, कंबल और हैंडलूम उत्पादों को विदेशी खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। ट्रेड शो में करीब 1.5 लाख B2B खरीदार और 4.5 लाख से अधिक B2C आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। इससे अमरोहा के छोटे और कुटीर उद्योगों को सीधे निर्यात ऑर्डर और वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
हॉल नंबर 11 में दिखेगी अमरोहा की जीआई टैग ढोलक
अमरोहा के पारंपरिक संगीत वाद्य यंत्र जिले की पहचान हैं और इन्हें जीआई टैग भी प्राप्त है। ट्रेड शो के हॉल नंबर 11 में जीआई टैग श्रेणी के तहत ‘मैसर्स आर्टीजन वेलफेयर सोसाइटी’ का स्टॉल लगाया जाएगा। यहां आम और शीशम की लकड़ी से तैयार हस्तनिर्मित ढोलक प्रदर्शित की जाएंगी। 75 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और विदेशी आयातकों के सामने अमरोहा के इस पारंपरिक हुनर को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय वाद्य यंत्र निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए खरीदारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
हॉल नंबर 16 में दिखेगा अमरोहा का मशहूर सेव
प्रदेश सरकार की एक जिला एक व्यंजन (ODOP) योजना के तहत अमरोहा के पारंपरिक नमकीन सेव को भी ट्रेड शो में प्रदर्शित किया जाएगा। हॉल नंबर 16 में ‘मैसर्स फैमस स्वीट्स सेंटर’ का स्टॉल लगाया जाएगा। यहां बेसन और खास मसालों से तैयार अमरोहा का पारंपरिक सेव आगंतुकों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय पैकेज्ड नमकीन उत्पादों को बड़े रिटेल आउटलेट और ई-कॉमर्स नेटवर्क तक पहुंच बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अलग-अलग हॉल में सजेंगे हैंडलूम और वुडन क्राफ्ट
अमरोहा के अन्य उत्पादों को भी अलग-अलग हॉल में प्रदर्शित किया जाएगा। हॉल नंबर 9 में उद्यमी गुलफाम अहमद कॉटन बेडशीट, दरी और चादरें प्रदर्शित करेंगे। हॉल नंबर 10 में ‘मैसर्स अनीस हैंडलूम एंड रेडीमेड गारमेंट्स’ की ओर से बेडशीट, दरी और अन्य हैंडलूम उत्पादों के साथ रेडीमेड गारमेंट्स प्रदर्शित किए जाएंगे।
वहीं हॉल नंबर 14 में ‘मैसर्स एमजीए डिजाइन’ के जरिए नक्काशीदार वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। आगामी सर्दियों को देखते हुए हॉल नंबर 15 में ‘मैसर्स प्रकाश वुलेन’ की ओर से कंबलों का प्रदर्शन किया जाएगा।
छोटे उद्यमियों को सीधे विदेशी खरीदारों से जुड़ने का मौका
यूपीआईटीएस-2026 में अमरोहा के उद्यमियों को बिना बिचौलियों के कॉर्पोरेट कंपनियों, एक्सपोर्टर्स और विदेशी खरीदारों के साथ B2B मीटिंग करने का अवसर मिलेगा। इससे वाद्य यंत्र, काष्ठ कला, हथकरघा और नमकीन उद्योग से जुड़े कारोबारियों को नए बाजार और व्यापारिक संपर्क मिलने की संभावना है।
इसके साथ ही यूपी निर्यात संवर्धन नीति 2025-30 और मार्केटिंग डेवलपमेंट असिस्टेंस स्कीम (MDAS) के जरिए जिले के उत्पादों को वैश्विक बाजार में बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, अमरोहा के उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यूपीआईटीएस पारंपरिक दस्तकारों और नए उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से ट्रेड शो में पहुंचकर नए बाजार और कारोबारी अवसरों की जानकारी लेने की अपील की।