Breaking News

इंडियन नेवी को GRSE से गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट और एंटी-सबमरीन वॉटरक्राफ्ट मिले     |   ‘राजनीतिक इच्छाशक्ति से नक्सलवाद खत्म हुआ’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘जो गोली चलाता है, उसका जवाब गोली से देना चाहिए’, लोकसभा में बोले अमित शाह     |   ‘वोट की जगह बुलेट से शासन चाहता है नक्सलवाद’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘वामपंथियों ने आदिवासियों को बहकाया’, लोकसभा में नक्सलवाद मुद्दे पर अमित शाह ने कहा     |  

बिहार विधानसभा के बजट सत्र में आज हिस्सा लेंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सोमवार को नितिन नवीन पहली बार अपने गृह शहर पटना पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके सम्मान और स्वागत के लिए बिहार भाजपा द्वारा पटना के बापू सभागार में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। नितिन नवीन मंगलवार यानी आज 10 फरवरी को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होंगे।

बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद पटना आए नितिन नवीन बिहार विधानसभा के बजट सत्र में हिस्सा लेंगे। मंगलवार को उनके सत्र के दूसरी पाली में बिहार विधानसभा पहुंचने की संभावना है। नितिन नवीन दोपहर 2 बजे बिहार विधानसभा पहुंच सकते हैं। दरअसल नितिन नवीन अभी पटना की बांकीपुर सीट से विधायक भी हैं। इसी लिहाज से वो बतौर विधायक बजट सत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनके बजट सत्र में शामिल होने को लेकर बीजेपी खेमे के मंत्रियों-विधायकों में भी जबरदस्त उत्साह है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राजनीति में पद से भी पहचान मिलती है और आपके पुरुषार्थ से भी पद दिखता है। उन्होंने कहा कि जिस भी प्रदेश में गया, वहां के कार्यकर्ताओं की भावना को देखकर संकल्प मजबूत हुआ है कि भाजपा को अभी और आगे बढ़ना है और उसका स्वर्णिम युग 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने से आएगा।

उन्होंने कहा कि राजनीति शॉर्टकट नहीं, लॉन्ग रन है। उन्होंने युवा साथियों का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीति में लाखों युवाओं की भागीदारी का पीएम मोदी ने जो सपना देखा है, उसे हम सभी को पूरा करना है। हर जिले, प्रदेश में भाजपा का एक नेतृत्व खड़ा करना है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे पूर्व के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जो संघर्ष किया, उसी का परिणाम आज यह वटवृक्ष है।