Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

J-K: ईंधन की कीमतों और बस किराए में बढ़ोतरी का BJP विधायक ने जताया विरोध, साइकिल से पहुंचे विधानसभा

बीजेपी विधायक सुरिंदर कुमार भगत नेशनल कॉन्फ्रेंस की राज्य सरकार द्वारा ईंधन की कीमतों और ई-बस किराए में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को साइकिल चलाकर जम्मू-कश्मीर विधानसभा पहुंचे। मढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भगत ने केंद्र शासित प्रदेश सरकार पर अप्रैल से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा करके जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने इसके साथ पेट्रोल की कीमत में एक रुपये प्रति लीटर, डीजल की कीमत में दो रुपये और ई-बस किराए में सात फीसदी की वृद्धि की।

बीजेपी विधायक जब विधानसभा पहुंचे तो उनकी हाथों में दो तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था, "ई-बस किराया सात फीसदी बढ़ा, पेट्रोल और डीजल महंगा हुआ। सरकार का दोहरा मापदंड - जो एक हाथ से देता है और दूसरे से वापस ले लेता है।"

भगत ने कहा, "सर, मुझे दुख हुआ, उस चीज का की पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ाए गए हैं। आप देखिए, इसका सीधा-सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ता है। उन्होंने अपने जेबे भरने के लिए, अपनी सरकार चलाने के लिए, लूटने के लिए इन्होंने अपने रेट तो बढ़ा लिए मगर आम जनता का कुछ नहीं सोचा। ट्रांसपोर्ट का इन्होंने किराया बढ़ा दिया सात पर्सेंट। मातृ शक्ति का को फ्री किया और दूसरी साइड में उन्होंने बढ़ा दिया। इनकी तरनी और कथनी में बहुत अंतर है।"

विधायक ने सरकार पर लोगों से झूठे और खोखले वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सरकार ने वाहवाही बटोरने के लिए महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है, जबकि हकीकत में महिलाएं सड़कों पर इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने ईंधन की कीमतों और ई-बस किराए में बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की।