मार्वल के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। मार्वल स्टूडियोज की सुपरहिट फिल्म ‘Avengers: Endgame’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाली है। फिल्म को भारत में नए रिलीज टाइटल ‘Avengers Endgame: Encore’ के साथ सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। ‘Avengers Endgame: Encore’ 25 सितंबर 2026 से भारत के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। यह रिलीज ‘Avengers: Doomsday’ से पहले हो रही है, जो इस साल के अंत में रिलीज होने वाली है। मार्वल ने फिल्म की दोबारा रिलीज के ऐलान के साथ नया ट्रेलर भी जारी किया है। ट्रेलर में फैंस से कहा गया है- “Reassemble the team & relive the experience.”
करीब 1 मिनट 36 सेकंड के इस ट्रेलर में फिल्म को नए कलर ग्रेडिंग के साथ दिखाया गया है। इसमें कुछ डायलॉग्स में भी बदलाव किए गए हैं। साथ ही, 2019 में फिल्म की पहली रिलीज के दौरान सिनेमाघरों में दर्शकों के रिएक्शन की असली फुटेज भी ट्रेलर में शामिल की गई है। फिल्म को IMAX और Infinity Vision जैसे फॉर्मेट में भी दिखाया जाएगा। इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि फिल्म की री-रिलीज के साथ ‘Avengers: Doomsday’ का एक्सक्लूसिव प्रीव्यू भी दिखाया जाएगा। इससे दर्शकों को अगली Avengers फिल्म की शुरुआती झलक देखने का मौका मिलेगा।
साल 2019 में रिलीज हुई ‘Avengers: Endgame’ की कहानी Thanos के उस स्नैप के बाद आगे बढ़ती है, जिसमें ब्रह्मांड की आधी आबादी खत्म हो जाती है। इसके बाद बचे हुए Avengers अपने साथियों और दुनिया को हुए नुकसान से जूझते हैं और सभी को वापस लाने के लिए एक आखिरी कोशिश करते हैं। Anthony और Joe Russo के निर्देशन और Kevin Feige के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के समय दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। फिल्म ने Marvel की Infinity Saga को एक बड़े मुकाम पर पहुंचाया था।
अब ‘Avengers: Doomsday’ के साथ Marvel की कहानी आगे बढ़ने जा रही है। ऐसे में ‘Avengers Endgame: Encore’ के जरिए फैंस को एक बार फिर इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। ‘Avengers Endgame: Encore’ 25 सितंबर 2026 को भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।