Breaking News

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश     |   नागपुर: गोधनी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक, 40 लोग अस्पताल में भर्ती     |   UP: ‘देश की संस्थाओं को अपमानित करना गलत’, सीएम योगी का राहुल गांधी पर पलटवार     |   साइबर टेररिज्म केस 2025: NIA की तेलंगाना के पेड्डापल्ली में कई जगहों पर छापेमारी     |   झारखंड सरकार ने पेपरलीक मामले में SC का नोटिस स्वीकारा, दाखिल करेगी जवाब     |  

असम बाढ़: CM हिमंत सरमा ने किरेन रिजिजू से की मुलाकात, राहत-पुनर्वास पर हुई चर्चा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में आई बाढ़ के बाद राहत, पुनर्वास और प्रभावित लोगों के पुनर्निर्माण के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किरेन रिजिजू का हाल ही में असम का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि किरेन रिजिजू के साथ उनकी सार्थक बैठक हुई, जिसमें उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सरमा ने कहा कि डबल इंजन सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनकी आजीविका को फिर से पटरी पर लाने के लिए प्रयास और तेज करेगी।

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने मानसून के दौरान बाढ़ से लोगों की सुरक्षा के लिए असम सरकार द्वारा उठाए गए सक्रिय कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, बैठक में केंद्र और असम सरकार के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और दीर्घकालिक पुनर्निर्माण कार्यों में बेहतर समन्वय पर भी सहमति बनी। बैठक में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. द्विवेदी और असम भवन की रेजिडेंट कमिश्नर कविता पद्मनाभन भी मौजूद रहीं।