Breaking News

अल कायदा AQIS के डिप्टी अमीर आतिफ याह्या पर US ने रखा $10 मिलियन का इनाम     |   PM मोदी ने काशी से पुणे के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई     |   काशी दिव्य शक्तियों की भूमि है: PM मोदी     |   अफगानिस्तान ने यूनिवर्सिटी हमले को लेकर काबुल में पाकिस्तान के राजनयिक को किया तलब     |   TVK चीफ विजय ने तिरुचेंदूर मंदिर का किया दौरा     |  

हरियाणा में बीजेपी को बड़ा झटका, अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल

बीजेपी को झटका देते हुए उसके वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर हरियाणा में विधानसभा चुनाव से दो दिन पहले गुरुवार को महेंद्रगढ़ जिले में राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस में शामिल हो गए। जैसे ही गांधी अपना भाषण समाप्त कर रहे थे, मंच से एक घोषणा की गई जिसमें दर्शकों से कुछ मिनट प्रतीक्षा करने को कहा गया। इसके तुरंत बाद तंवर मंच पर आए और घोषणा की गई कि ‘‘आज उनकी घर वापसी हो गई है।’’ 

तंवर इस साल की शुरुआत में बीजेपी में शामिल हुए थे। तंवर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के बाद 2019 में पार्टी छोड़ दी थी। पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शाम छह बजे समाप्त होने से कुछ घंटे पहले वो पार्टी में शामिल हुए। 

तंवर को एक समय राहुल गांधी का करीबी माना जाता था। दलित समुदाय के नेता तंवर की कांग्रेस में वापसी से पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है। कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष तंवर ने गांधी से हाथ मिलाया और हुड्डा का अभिवादन किया, जिन्होंने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनकी पीठ थपथपाई। 

मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। तंवर अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी (एएपी) में शामिल हुए थे। एएपी में शामिल होने से पहले वो कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में भी रहे थे।