Breaking News

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने पद से दिया इस्तीफा     |   यूपी सरकार का फैसला, NCR के जिलों में 1 अक्टूबर से बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन     |   बंगाल: अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची ED की टीम     |   ममता बनर्जी को झटका, बंगाल में ऋतब्रत होंगे विपक्ष के नेता     |   हर अच्छे काम में अड़ंगा लगाना समाजवादी पार्टी की पुरानी आदत: ओपी राजभर     |  

हैदराबाद कॉन्सर्ट विवाद पर बोले अर्पित बाला, ‘बोतल आंख पर लगी, गुस्से में रिएक्ट कर बैठा’

सिंगर अर्पित बाला ने हैदराबाद कॉन्सर्ट के दौरान एक फैन के साथ हुई ऑन-स्टेज बहस के वायरल वीडियो पर आखिरकार अपनी सफाई दी है। यह घटना 28 मार्च को उनके शो के दौरान हुई, जब परफॉर्म करते समय स्टेज की ओर एक बोतल फेंकी गई। वीडियो में अर्पित को गुस्से में उस शख्स की ओर इशारा करते, बोतल वापस फेंकते और सिक्योरिटी से उसे बाहर निकालने को कहते हुए देखा गया।

अब कुछ दिनों बाद अर्पित बाला ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “यह कोई सफाई नहीं है, लेकिन मैं चाहता हूं कि आप मेरी तरफ की कहानी भी देखें।” उन्होंने बताया, “पहले चार गाने तक सब कुछ ठीक था, लोग एंजॉय कर रहे थे। तभी अचानक चलते समय एक बोतल आकर मेरी आंख पर लगी। सिर्फ इतना ही नहीं, उससे पहले भी एक-दो बोतलें फेंकी जा चुकी थीं। जब बोतल आंख पर लगी तो मेरा फ्लो टूट गया और मुझे गुस्सा आ गया।”

अर्पित ने आगे कहा, “गुस्से में मैंने जो कहा या किया, क्या वह सही था? एक तरह से आप कह सकते हैं कि मुझे बड़ा दिल दिखाना चाहिए था, लेकिन जब कोई उकसा रहा हो तो ऐसा कहना आसान होता है। मेरे चेहरे पर बोतल लगी, यह सिर्फ बेइज्जती नहीं बल्कि सेफ्टी का मुद्दा भी है।” उन्होंने यह भी माना कि उनका रिएक्शन अचानक और भावनाओं में आकर था।

उन्होंने कहा, “इम्पल्स में आकर मैंने रिएक्ट किया, मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। लेकिन जब कोई हद पार करता है, तो आप यह उम्मीद नहीं कर सकते कि मैं चुप रहूं।” अर्पित बाला, जिनका पूरा नाम अर्पित बलबंतराय है, 2025 में अपने वायरल गाने “बरगद” से चर्चा में आए थे। इसके अलावा वह “रख लो तुम छुपाके”, “इक कुड़ी”, “नहानी” और “प्यारी अमानत” जैसे गानों के लिए भी जाने जाते हैं।