Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

अमिताभ बच्चन की नहीं हुई कोई सर्जरी, बोले- मैं बिल्कुल ठीक हूं, मेरी पोस्ट को गलत समझ लिया

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि उनकी पिछली पोस्ट में लिखी गई "सर्जरी" और "आईसीयू" की बात को गलत समझ लिया गया था। अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि वह बिल्कुल ठीक हैं। 21 जुलाई को अपने ब्लॉग पोस्ट में बिग बी ने अस्पताल में भर्ती होने, घर लौटने और रिकवरी का जिक्र किया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में सर्जरी के बाद आईसीयू में रहने की बात भी लिखी थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर फैंस की चिंता बढ़ गई थी।

अब अपनी अगली ब्लॉग पोस्ट में अमिताभ बच्चन ने स्पष्ट किया कि उनकी बात दरअसल अर्जेंटीना की हालिया हार के संदर्भ में थी। उन्होंने लिखा, "मैं ठीक हूं... मेरी पोस्ट को गलत समझा गया। मैं एक उदाहरण दे रहा था। मैंने कहा था कि सर्जरी या आईसीयू की स्थिति के बाद का समय सबसे मुश्किल होता है, जब आप घर लौटते हैं और अपनी खराब स्थिति से खुद को संभालना पड़ता है।" उन्होंने आगे लिखा कि जब कोई चैंपियन हारता है, तो उसके बाद खुद को संभालना सबसे मुश्किल होता है। उन्होंने अर्जेंटीना और चैंपियन खिलाड़ी मेसी का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों ने उनकी बात को उनके स्वास्थ्य से जोड़कर समझ लिया।

अमिताभ बच्चन ने कहा कि हर चैंपियन को यह पता होना चाहिए कि समय के साथ कोई दूसरा चैंपियन जरूर आएगा। किसी चैंपियन के लिए यह स्वीकार करना मुश्किल होता है कि किसी और ने उसकी जगह ले ली है, लेकिन यही जीवन है। उन्होंने इंसान के शरीर की सर्जरी के बाद होने वाली रिकवरी और अर्जेंटीना के दोबारा चैंपियन बनने की कोशिश के बीच तुलना भी की। उन्होंने कहा कि शरीर अद्भुत होता है और खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढाल लेता है। भले ही वह पहले जैसा काम न करे, लेकिन मेहनत से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। इसी तरह एक हारा हुआ चैंपियन भी दोबारा उठकर वापसी कर सकता है।

बिग बी ने अपनी पिछली पोस्ट में लिखा था, "अस्पताल में सर्जरी और आईसीयू में, कुशल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में... फिर डिस्चार्ज और घर वापसी।" इसी बयान के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में नजर आए थे। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में थे।