मुंबई महानगरपालिका चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने विधायक अमित साटम को मुंबई भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी घोषणा सोमवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की। इस दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री और मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद थे।
सीएम फडणवीस ने अमित साटम की नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा, “आशीष शेलार के पास वर्तमान में मंत्री पद की जिम्मेदारी है। इसलिए मुंबई भाजपा के लिए नए अध्यक्ष की नियुक्ति आवश्यक थी। अमित साटम के पास संगठनात्मक जिम्मेदारियों का लंबा अनुभव है। वह पिछले तीन टर्म से विधायक हैं और नगरसेवक के रूप में भी काम कर चुके हैं। उन्हें मुंबई के मुद्दों की अच्छी समझ है। विधानसभा में भी वह एक अध्ययनशील और आक्रामक विधायक के रूप में जाने जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कोर कमेटी के सभी सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद उनका चयन किया है।”
वहीं, आशिष शेलार ने नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कोंकण से जुड़े और पक्के मुंबईकर अमित साटम की मुंबई भाजपा अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं। उन्होंने संघर्ष और सेवा के माध्यम से पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाई है। मैं उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देता हूं। तीन टर्म तक यानी नौ साल तक मुंबईकरों की सेवा करने का अवसर मुझे मिला। इस दौरान पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और मुंबईवासियों ने मुझे बहुत सहयोग और प्रेम दिया, जिसके लिए मैं सभी का हृदय से आभारी हूं।”