Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

J-K: अमित शाह ने 10 शहीद पुलिसकर्मियों और इंजीनियर के परिजनों को नौकरी के ऑफर लेटर सौंपे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में पिछले एक साल में विभिन्न आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले 10 पुलिसकर्मियों और एक इंजीनियर के परिवारों से मुलाकात की और परिजनों को नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आए मंत्री ने यहां राजभवन में शहीदों के परिवारों से मुलाकात की। 

केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाले परिवारों में चार पुलिसकर्मियों के परिजन भी शामिल थे, जिन पुलिसकर्मियों ने हाल ही में कठुआ जिले में पाकिस्तानी आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में अपनी जान गंवा दी थी। 23 मार्च से जिले के वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चल रहा है, जब पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ करने वाले पांच आतंकवादियों के एक समूह को रोका था। 

27 मार्च को जिले में भीषण मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह और चयन ग्रेड कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह और तारिक हुसैन और दो आतंकवादी मारे गए थे। अधिकारियों ने बताया कि कठुआ, जम्मू और रियासी जिलों के रहने वाले शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नियां और छह अन्य पुलिस शहीदों के रिश्तेदार इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।

जम्मू के तालाब तिल्लो इलाके के इंजीनियर शशि भूषण अबरोल की पत्नी रुचि अबरोल ने भी शाह से मुलाकात की। अबरोल पिछले साल अक्टूबर में गंदेरबल जिले के गगनगीर में हुए आतंकी हमले में मारे गए एक निर्माण कंपनी के सात श्रमिकों में से एक थे।