Breaking News

चंडीगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आज राज्यव्यापी हड़ताल     |   नेपाल की बाढ़ः पश्चिम बंगाल के 32, तमिलनाडु के 37 पर्यटक लापता     |   UPTET 2026 रिजल्ट जारी, प्राथमिक के 93 हजार और उच्च प्राथमिक के 1.13 लाख अभ्यर्थी पास     |   नेपाल फ्लडः लापता भारतीयों के परिजनों की मदद के लिए ओडिशा सरकार ने बनाया कंट्रोल रूम     |   नेपाल की बाढ़ में 468 पर्यटक लापता, ज्यादातर विदेशी     |  

LPG की कमी की अफवाहों के बीच CM रेखा गुप्ता ने लोगों से शांति और संयम बरतने की अपील की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को एलपीजी की कमी की आशंकाओं के बीच लोगों से शांत रहने और संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार गैस की जमाखोरी (हॉर्डिंग) करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगी और ऐसे लोगों को चेतावनी दी जो जनता में डर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एएनआई से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “सरकार जमाखोरी के खिलाफ सख्त है। जब देश पर संकट आता है तो हम सभी को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं उन लोगों को भी चेतावनी देना चाहती हूं जो जनता में डर पैदा कर रहे हैं और उन्हें गैस जमा करने के लिए उकसा रहे हैं। यह देश के खिलाफ काम करने जैसा है।” मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि थोड़ा संयम रखें, जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करें, जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य है। तेल विपणन कंपनियों ने उपभोक्ताओं को घबराहट में गैस बुकिंग करने या डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाने से बचने की सलाह दी है। कंपनियों का कहना है कि जल्दी या घबराहट में की गई बुकिंग से उन लोगों की डिलीवरी में देरी हो सकती है जिन्हें तुरंत सिलेंडर की जरूरत है।

कंपनियों ने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग घर बैठे भी की जा सकती है। इसके लिए IVRS, SMS, मोबाइल ऐप, मिस्ड कॉल सेवा और आधिकारिक वेबसाइट जैसे कई डिजिटल माध्यम उपलब्ध हैं। कंपनियों ने यह भी याद दिलाया कि कोविड-19 जैसे कठिन समय में भी पूरे देश में एलपीजी की आपूर्ति लगातार जारी रही थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल भी टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि हर घर तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंच सके।कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि घरों में रहें, भरोसा रखें और जरूरत होने पर ही सिलेंडर बुक करें, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और हर रसोई तक समय पर गैस पहुंच सके।