एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस अब अपने सभी पायलटों का ड्रग टेस्ट कराएंगी। यह फैसला पिछले सप्ताह फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के मुख्य पायलट की जांच में नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने के बाद लिया गया है। फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना में 24 लोग घायल हुए थे।
टाटा समूह की दोनों एयरलाइंस में 5,000 से ज्यादा पायलट हैं। अब सभी पायलटों की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई पायलट नियमों में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ या दवा का सेवन तो नहीं कर रहा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने पायलटों को भेजे संदेश में बताया कि यह जांच जरूर होगी और गुरुवार से शुरू की जाएगी।
पायलटों की जांच गुरुग्राम स्थित अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान की जाएगी। इसके अलावा उड़ान के बाद होने वाली फ्लाइट ब्रीफिंग, एयरलाइन के कार्यालयों या संबंधित बेस पर भी यह जांच की जा सकती है। एयरलाइंस का कहना है कि यह कदम यात्रियों, कर्मचारियों और आम लोगों का भरोसा बनाए रखने और सुरक्षा के बेहतर मानक सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
4 अगस्त को एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 फुकेत से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान टर्बुलेंस के कारण एयरबस A320 विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य, यानी कुल 145 लोग सवार थे। इस घटना में कम से कम 24 लोग घायल हुए थे। बाद में फ्लाइट के मुख्य पायलट की जांच की गई। जांच में गांजा के सेवन की पुष्टि हुई। इसी घटना के बाद एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने सभी पायलटों की जांच कराने का फैसला लिया है।