पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की भारी जीत का भरोसा जताया और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान ने बंगाल में लंबे समय से चल रही बदलाव की लहर को साबित कर दिया है। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने “लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण” किया है।
पीएम मोदी ने कहा, “कल पहले चरण के मतदान के बाद यह साफ हो गया है कि बंगाल में बदलाव तय है। TMC ने अपने अत्याचार से लोकतंत्र को कुचला था, लेकिन जनता ने उसे फिर से स्थापित किया है। अब दूसरे चरण में इस लोकतंत्र के मंदिर पर जीत का झंडा फहराना है।” उन्होंने यह भी कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद TMC के गुंडों को कहीं छिपने की जगह नहीं मिलेगी और बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। पीएम मोदी ने TMC सरकार को “महा जंगल राज” करार देते हुए कहा कि उसका अंत अब निश्चित है।
मतदान के दौरान हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम ने आरोप लगाया कि TMC अपनी हार को भांपकर बौखला गई है और इसलिए उसके कार्यकर्ता हिंसा पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे बुझने से पहले दीपक ज्यादा टिमटिमाता है, वैसे ही हार से पहले TMC असंतुलित हो रही है। इस बीच भाजपा उम्मीदवारों ने भी हिंसा के आरोप लगाए।
कुमरगंज से उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने दावा किया कि TMC कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया और उनके एजेंटों को बूथ से जबरन हटाया गया। वहीं आसनसोल में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल की कार पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की गई, जिसमें उनकी टीम का एक सदस्य घायल हो गया।निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 91.91% मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।