उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पुलिस थाने के पास एक युवक की लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. युवक की हत्या की जानकारी होते ही परिवार में मातम छा गया. वहीं सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की. मृतक युवक के पास खून से सनी हुई एक लोहे की सरिया बरामद हुई है. आशंका जताई जा रही है कि इसी लोहे की सरिया से युवक की पीट-पीट कर हत्या की गई है. मृतक युवक के परिजनों ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घरवालों की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है.