Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

जुबली हिल्स विधानसभा उप-चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करेगी AIMIM

एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पार्टी 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स विधानसभा उप-चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव का समर्थन करेगी। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला किया है क्योंकि परिणाम से मौजूदा सरकार को कोई नफा या नुकसान नहीं होगा और यादव के नेतृत्व में विकास संभव है।

ओवैसी ने कहा, “जुबली हिल्स के लोगों से हमारी अपील है कि चुनाव के नतीजों से सरकार नहीं बदलेगी। हम लगभग चार लाख मतदाताओं से अपील करते हैं जिन्होंने पिछले दस सालों से बीआरएस का समर्थन किया है। अब, मैं आपसे नवीन यादव को वोट देने का अनुरोध करता हूं, जो युवा हैं और जुबली हिल्स में विकास ला सकते हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पिछले दस वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद कोई विकास कार्य कराने में विफल रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अगले आम चुनावों में अलग रणनीति अपना सकती है। जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के लिए उप-चुनाव 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी।

इस वर्ष जून में बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ की हृदयाघात से मृत्यु के कारण इस सीट पर उप-चुनाव आवश्यक हो गया था। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ने राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव को पत्र लिखकर कहा था कि वो इस बार विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ने को तैयार है। लेकिन पत्रों का कोई जवाब नहीं आया। रविवार को एआईएमआईएम ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो गैर-मुस्लिमों सहित 25 उम्मीदवारों की घोषणा की।