Breaking News

‘डायरेक्ट डील अभी नहीं’, पाकिस्तान बोला- US-ईरान के बीच सहमति बनेगी तब ही होगा समझौता     |   संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने सोमालिया के पास सीमेंट ले जा रहे जहाज को हाईजैक किया     |   व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ की इस सप्ताह राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बैठक     |   नासिक TCS केस: आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 2 मई तक टली     |   WB: MP मिताली बाग पर हमला करने वाले BJP के गुड़ों को अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी     |  

कोकराझार में चल रहा है जबरदस्त चुनावी अभियान, BPF ने सिडली सीट से NDA को दी चुनौती

असम में विधानसभा की पांच सीटों पर उप-चुनाव हो रहे हैं। ये चुनाव उन सीटों पर हो रहे हैं, जिनके विधायक हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में सांसद बन गए हैं। इन्हीं पांच सीटों में से एक है सिडली। जहां से चुने गए यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के विधायक जोयंता बसुमतारी के कोकराझार लोकसभा सीट जीतने के बाद सिडली में उप-चुनाव हो रहा है।

इस बार सिडली सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जिसमें यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल यानी यूपीपीएल की ओर से निर्मल कुमार ब्रह्मा मैदान में हैं, जिन्हें बीजेपी और असम गण परिषद का समर्थन हासिल है। वहीं बोडो पीपुल्स फ्रंट यानी बीपीएफ ने इस सीट पर सुधो कुमार बसुमतारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से संजीब वारले भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।

बीपीएफ उम्मीदवार को उप-चुनाव में जीत का भरोसा है। बीपीएफ उम्मीदवार ने शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर,एजुकेशन और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर दिया। बीपीएफ अध्यक्ष और बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के पूर्व प्रमुख हाग्रामा मोहिलरी का मानना ​​है कि उनकी पार्टी उप-चुनाव जीतने के लिए काफी मजबूत स्थिति में है।

यूपीपीएल उप-चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चुनावी प्रचार पर निर्भर है। पार्टी नेताओं का मानना ​​है कि इस उप-चुनाव में वोटर विकास और स्थिरता के वादों के साथ बीजेपी गठबंधन के प्रत्याशियों को वोट देंगे, जिससे यूपीपीएल को चुनावी सफलता मिलेगी। यूपीपीएल नेताओं के मुताबिक बीजेपी के साथ उनका गठबंधन क्षेत्र में शांति बहाल करने में मददगार रहा है। वे शांति और विकास का माहौल बनाने के लिए गठबंधन को श्रेय देते हैं।

कांग्रेस पार्टी 25 साल के बाद आधिकारिक तौर पर सिडली विधानसभा सीट की चुनावी दौड़ में शामिल है। कांग्रेस उम्मीदवार ने उप-चुनाव में जीत हासिल करने का भरोसा जताया है। सिडली समेत असम की पांच विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव 13 नवंबर को होंगे। वोटों की गिनती और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।