रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान रेलवे के संचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में किए गए निवेश का फायदा देश के गरीब और मध्यम वर्ग तक पहुंच रहा है। लोकसभा में बोलते हुए वैष्णव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे के विकास के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है। रेलवे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए प्रमुख परिवहन साधन है। पिछले दशक के निवेश का लाभ अब पूरे देश में दिख रहा है। बीते वित्त वर्ष में रिकॉर्ड 76,352 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं और वर्तमान में रेलवे नेटवर्क पर रोजाना करीब 25,000 ट्रेनें संचालित हो रही हैं।”
रेलवे ने माल ढुलाई में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। वर्ष 2025-26 में 1,670 मिलियन मीट्रिक टन माल ढोया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.25 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान लौह अयस्क (आयरन ओर) की ढुलाई में 6.73 प्रतिशत और सीमेंट में 3.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले वित्त वर्ष में रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 50 वर्षों में सबसे कम, केवल 16 गंभीर रेल दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।
इससे पहले, राज्यसभा में एक लिखित जवाब में उन्होंने बताया था कि रेलवे ने देशभर के 76 स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त समर्पित ‘पैसेंजर होल्डिंग एरिया’ बनाने की योजना शुरू की है। इनका उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना है। इन होल्डिंग एरिया में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, टिकटिंग सुविधा, सूचना डिस्प्ले और सुरक्षा जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पीक आवर्स में भीड़ प्रबंधन आसान होगा।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इसका एक मॉडल पहले ही शुरू किया जा चुका है, जिससे भीड़ कम करने में काफी मदद मिली है। यहां अतिरिक्त टिकट काउंटर, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), पब्लिक एड्रेस सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी निगरानी, लगेज स्कैनर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD), बेहतर लाइटिंग, निरंतर बिजली आपूर्ति, हाई वॉल्यूम लो स्पीड (HVLS) पंखे और फायर फाइटिंग सिस्टम भी लगाए गए हैं। इसके अलावा आरओ पानी और पुरुष, महिला व दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।