तेलंगाना और महाराष्ट्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। तेलंगाना के सूर्यापेट में कार के डिवाइडर से टकराने के बाद आग लगने से एक न्यूरोसर्जन की मौत हो गई। वहीं, NH-44 पर हुए दूसरे हादसे में चार लोगों की जान चली गई। पुणे में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मॉर्निंग वॉक कर रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
सूर्यापेट में कार में आग लगने से न्यूरोसर्जन की मौत
तेलंगाना के सूर्यापेट में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक कार सड़क किनारे बने डिवाइडर की लोहे की ग्रिल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और इसमें सवार न्यूरोसर्जन जिंदा जल गए। मृतक की पहचान जगदीश के रूप में हुई है। वह खम्मम के ममता अस्पताल में न्यूरोसर्जन के पद पर कार्यरत थे और खम्मम जिले के वायरा के रहने वाले थे।
हादसे के समय जगदीश हैदराबाद से खम्मम लौट रहे थे और कार में अकेले थे। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणेश विसर्जन के बाद लौट रहे परिवार के चार लोगों की मौत
तेलंगाना में ही NH-44 पर पालमाकुला गांव के बाहरी इलाके में एक अन्य सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शमशाबाद पुलिस के अनुसार, सभी लोग गणेश विसर्जन के बाद महबूबनगर के नवाबपेट मंडल स्थित अपने गांव मेट्टुगड्डा थांडा से शमशाबाद जा रहे थे। इसी दौरान उनका चार पहिया वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:
-
केथावत लिम्ब्या (54), कारोबारी
-
केथावत जमुना (45), लिम्ब्या की पत्नी
-
कत्रावत मानसिंह (48), कारोबारी
-
केथावत वासराम (45), लिम्ब्या के बेटे और कारोबारी
वाहन चालक साबावत अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शमशाबाद के ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार सुबह पाषाण इलाके में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुणे सिटी पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे DRDO रोड पर नेकलेस गार्डन के पास हनुमान मंदिर के सामने हुआ। मृतक की पहचान वीरेंद्र राघवेंद्र प्रसाद द्विवेदी (48) के रूप में हुई है। वह पाषाण की विवेकानंद सोसाइटी स्थित गुलमोहर प्लाजा में रहते थे और मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, द्विवेदी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर चतुःश्रृंगी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 281 के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 184, 177 और 197 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।