Breaking News

चिटफंड कंपनी पर ED का शिकंजा, कोलकाता-इंदौर में 17 ठिकानों पर छापेमारी     |   करणी सेना को झटका, जंतर-मंतर प्रदर्शन पर जल्द सुनवाई से HC का इनकार     |   नेपाल में बाढ़ से तबाही, मौतों का आंकड़ा 1,399 पहुंचा; 5 हजार से ज्यादा लापता     |   राहुल गांधी के मानहानि केस में 21 सितंबर को होगी बहस, कोर्ट ने दिया अंतिम अवसर     |   अखिलेश के रोजगार वाले बयान पर राजभर का पलटवार, गिनाईं योगी सरकार की नौकरियां     |  

जीटीबी अस्पताल में बनेगा 250 बेड का सुपर-स्पेशियलिटी ट्रॉमा ब्लॉक, रेखा गुप्ता कैबिनेट की मंजूरी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में 250 बेड के सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 244.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नया ब्लॉक अस्पताल के मौजूदा परिसर में ही बनाया जाएगा, इसलिए नई जमीन खरीदने की जरूरत नहीं होगी। यह परियोजना प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) फेज-IV के तहत तैयार की जाएगी। इसे वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 22,550 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला ट्रॉमा ब्लॉक सात मंजिला होगा। इसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और छह मंजिलें शामिल होंगी। इमारत में 48 विशेषज्ञ ओपीडी कमरे और नौ आधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे। ब्लॉक में 250 बेड की व्यवस्था होगी, जिसमें 20 इमरजेंसी बेड, 5 बर्न्स आईसीयू बेड, 70 आईसीयू बेड, 4 आइसोलेशन बेड, 22 प्री और पोस्ट सर्जरी बेड, 102 सामान्य वार्ड बेड और 25 निजी कमरों के बेड शामिल हैं। गंभीर मरीजों के लिए कुल 77 क्रिटिकल-केयर बेड उपलब्ध होंगे।

बेसमेंट में ब्लड बैंक और प्रयोगशाला बनाई जाएगी। वहीं, ग्राउंड फ्लोर पर 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के साथ सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दूसरी मंजिल पर 72 बेड का आईसीयू होगा। चौथी और पांचवीं मंजिल पर सामान्य और निजी वार्ड बनाए जाएंगे। छठी मंजिल पर कार्यालय, कक्षाएं और डॉक्टरों के प्रशिक्षण के लिए लैब की व्यवस्था होगी।

नए ट्रॉमा ब्लॉक में दुर्घटनाओं और गंभीर आपातकालीन मामलों के लिए 24x7 ट्रॉमा केयर की सुविधा मिलेगी। मरीजों के लिए सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और प्रयोगशाला जांच की व्यवस्था होगी। इसके अलावा नौ आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और ब्लड स्टोरेज की सुविधा वाला ब्लड बैंक भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जीटीबी अस्पताल पूर्वी दिल्ली का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां मरीजों का लगातार दबाव रहता है। ऐसे में गंभीर दुर्घटनाओं और आपातकालीन मामलों के लिए आधुनिक ट्रॉमा सुविधाओं का विस्तार जरूरी था।

उन्होंने कहा कि नए ब्लॉक में इमरजेंसी, जांच, गहन चिकित्सा और सर्जरी की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने में मदद मिलेगी और पूर्वी दिल्ली में ट्रॉमा केयर की क्षमता बढ़ेगी। ट्रॉमा ब्लॉक में न्यूरो, हड्डी, त्वचा और दंत चिकित्सा समेत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आधुनिक जांच सुविधाओं और आईसीयू के साथ मरीजों को बेहतर उपचार देने की व्यवस्था की जाएगी।परियोजना की निगरानी के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति हर तीन महीने में बैठक कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करेगी। अस्पताल को वर्ष 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) भारत सरकार की योजना है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जाता है। जीटीबी अस्पताल में बनने वाला नया सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक भी इसी योजना के तहत तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना से जीटीबी अस्पताल में 250 नए बेड, 24x7 ट्रॉमा केयर, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। इससे पूर्वी दिल्ली के लोगों को गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं के दौरान बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।