Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

थाईलैंड से भारत लाए गए 125 भारतीय, जालसाजों के चक्कर फंस पहुंचे थे म्यांमार

थाइलैंड से भारत एक सैन्य परिवहन विमान से अपने 125 नागरिकों को स्वदेश वापस लाया है। इन लोगों को म्यांमार के म्यावाडी स्थित ठगी केंद्रों से छोड़ा गया था। इसी के साथ इस साल मार्च से अब तक म्यांमार के घोटाला केंद्रों से रिहा हुए कुल 1,500 भारतीयों को थाईलैंड के माध्यम से स्वदेश वापस लाया जा चुका है। इन भारतीयों को भारतीय वायु सेना (आईएएफ) द्वारा संचालित विशेष उड़ान से वापस लाया गया।

दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज, म्यांमार के म्यावाडी में ठगी केंद्रों से रिहा हुए 125 भारतीय नागरिकों को भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित एक विशेष उड़ान द्वारा थाईलैंड के माई सोत से वापस लाया गया। इसके साथ ही, इस साल मार्च से अब तक म्यांमार के घोटाला केंद्रों से रिहा हुए कुल 1,500 भारतीयों को थाईलैंड के माध्यम से वापस लाया गया है।" दूतावास ने थाईलैंड के सीमावर्ती शहर माई सोत से वापस लाए गए भारतीयों की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

दूतावास ने कहा, "दक्षिण-पूर्व एशिया में ठगी केंद्रों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के भारत सरकार के प्रयासों के तहत, @IndiainThailand और @COIChiangmai ने इन भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए रॉयल थाई सरकार और थाईलैंड के टाक प्रांत की विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल के साथ काम किया है।" दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर भारतीय नागरिकों को आगाह भी किया कि वे विदेशों में नौकरी के झांसे में न फंसें। पोस्ट में साफ तौर से कहा गया कि विदेशों में नौकरी स्वीकार करने से पहले नियोक्ताओं और भर्ती एजेंसियों की विश्वसनीयता और रिकॉर्ड की जांच अनिवार्य है।

साथ ही भारतीय दूतावास ने ये भी याद दिलाया कि भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए थाईलैंड में वीजा-मुक्त प्रवेश केवल पर्यटन और अल्पकालिक बिजनेस उद्देश्यों के लिए है, रोजगार पाने के लिए नहीं। भारत छह नवंबर को दो सैन्य परिवहन विमानों के जरिए थाईलैंड से अपने 270 नागरिकों को वापस लाया था। कुछ दिन पहले ही म्यांमार में एक कुख्यात ठगी केंद्र पर कार्रवाई के बाद ये भारतीय वहां से भागकर माई सोत चले गए थे। म्यांमार के शहर म्यावाडी में के.के. पार्क के साइबर क्राइम हब पर छापे के बाद पिछले महीने के आखिर में थाईलैंड पहुंचे 28 देशों के 1,500 लोगों में लगभग 500 भारतीय नागरिक भी शामिल थे।