Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

गोरखनाथ मंदिर में शहीदों की याद में जले 11 हजार दीप, सीएम योगी ने पहला दीया जलाकर दी श्रद्धांजलि

दीपावली के अगले दिन सोमवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। मौका था 'एक दीया शहीदों के नाम' कार्यक्रम का। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने भीम सरोवर के पास पहला दीया जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (भाई) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। हजारों दीपों की लौ ने शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।

कार्यक्रम के तहत गोरखनाथ मंदिर परिसर के मुक्ताकाशी मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें देशभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों में जोश और उत्साह भर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इन प्रस्तुतियों को देखकर भावुक नजर आए। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान कार्यक्रम के संयोजक और भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं लोक गायक राकेश श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, काशी से आए जगद्गुरु संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा और कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

'एक दीया शहीदों के नाम' कार्यक्रम के जरिए देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को याद किया गया। दीपों की रोशनी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने शहीदों के बलिदान और देशभक्ति की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया।