Breaking News

बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद मध्य इजरायल में धमाका, कोई हताहत नहीं     |   ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं: IDF     |   ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ में इजरायल में सैकड़ों मारे गए, कई घायल: IRGC का दावा     |   रियाद पर दागी गई 3 मिसाइल, 1 इंटरसेप्ट, 2 सुनसान इलाके में गिरीं     |   LPG कार्गो शिप ‘पिक्सिस पायनियर’ टेक्सास से न्यू मंगलुरु पोर्ट पहुंचा     |  

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, 16 मार्च को होगा मतदान

हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। चुनाव से पहले राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों की बैठकों का दौर लगातार जारी है। पार्टियां अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटी हुई हैं।

संख्याबल के हिसाब से एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं दूसरी सीट के लिए मुकाबला रोचक होता दिखाई दे रहा है। इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध और बीजेपी नेता व निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।

उधर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि संख्याबल के आधार पर एक सीट भाजपा को और एक सीट कांग्रेस को मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं और पार्टी के किसी भी विधायक को चंडीगढ़ से बाहर नहीं ले जाया जा रहा है।

हुड्डा ने बताया कि कल कांग्रेस विधायकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति भी तय की जाएगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अब सभी की नजरें 16 मार्च को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हुई हैं।