अपकमिंग फिल्म ‘Tu Yaa Main’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है और आते ही यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में शनाया कपूर और आदर्श गौरव पहली बार साथ नजर आ रहे हैं। ट्रेलर से साफ है कि यह सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि रोमांस और सर्वाइवल थ्रिलर का खतरनाक कॉम्बिनेशन है।
ट्रेलर की शुरुआत बेहद दिलचस्प तरीके से होती है। स्क्रीन पर राकेश रोशन की क्लासिक फिल्म ‘खून भरी मांग’ की DVD चलती दिखती है, जिसमें रेखा पर मगरमच्छ के हमले वाला मशहूर सीन नजर आता है। यही सीन आगे चलकर कहानी की दिशा तय करता है।
फिल्म की कहानी दो बिल्कुल अलग बैकग्राउंड वाले कंटेंट क्रिएटर्स के इर्द-गिर्द घूमती है।
शनाया कपूर एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ‘मिस वैनिटी’ के किरदार में हैं, जबकि आदर्श गौरव नालासोपारा के रहने वाले ‘आला फ्लोपुरा’ का रोल निभा रहे हैं।
दोनों की मुलाकात एक सोशल मीडिया कोलैबोरेशन के जरिए होती है, जिसका मकसद ऑनलाइन रीच बढ़ाना होता है। प्रोफेशनल रिश्ता धीरे-धीरे एक हल्के-फुल्के रोमांस में बदलने लगता है।
लेकिन कहानी तब खतरनाक मोड़ लेती है, जब दोनों छुट्टियां मनाने जाते हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि स्विमिंग पूल में आराम कर रही शनाया अचानक पास ही मगरमच्छ देख लेती हैं। इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ते हैं और दोनों किरदार पूल में फंस जाते हैं, जबकि मगरमच्छ बार-बार हमला करता है।
एक सीन में शनाया का किरदार पूछता है कि मगरमच्छ उन्हें तुरंत क्यों नहीं मार रहा, जिस पर आदर्श का किरदार मजाकिया लेकिन डरावने अंदाज में ‘खून भरी मांग’ का जिक्र करता है। भागने की तमाम कोशिशें नाकाम हो जाती हैं और ट्रेलर का अंत बेहद डरावने सीन पर होता है, जहां मगरमच्छ आखिरकार हमला कर देता है और शनाया खून से लथपथ नजर आती हैं।
फिल्म का निर्देशन बेजॉय निंब्यार ने किया है। इसे आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने Colour Yellow बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है, जबकि विनोद भानुशाली और कमलेश भानुशाली भी प्रोड्यूसर्स में शामिल हैं।
‘Tu Yaa Main’ को एक मॉडर्न लव स्टोरी के अंदर छुपी सर्वाइवल थ्रिलर बताया जा रहा है। यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन वीक के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी।