उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का अधिगम स्तर बेहतर बनाने और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने विशेष पहल की है। इसके तहत 16 नवंबर को प्रदेशभर में शिक्षक संकुल बैठकों का आयोजन किया जाएगा। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए होने वाली ये बैठकें दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होंगी।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देश पर होने वाली इन बैठकों में शिक्षक अपने अनुभव, नवाचार और बेहतर शिक्षण तरीकों को साझा करेंगे। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग एजेंडा तैयार किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
शिक्षण के नए तरीकों और नवाचारों पर होगी चर्चा
बैठकों में बालवाटिका को बेहतर बनाने, बच्चों में उच्च स्तरीय चिंतन कौशल, समस्या समाधान और आलोचनात्मक सोच विकसित करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL), पीयर लर्निंग और समूह आधारित गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन किया जाएगा। डिजिटल संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से शिक्षण को बेहतर बनाने के प्रयास भी साझा किए जाएंगे।
17 से 21 नवंबर तक होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं
17 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को देखते हुए बैठकों में पाठ्यक्रम की प्रगति और तैयारी की समीक्षा की जाएगी। शिक्षकों को समय से पाठ्यक्रम पूरा कराने, महत्वपूर्ण विषयों का दोहराव कराने और विद्यार्थियों को प्रश्नों का अभ्यास कराने की रणनीति पर चर्चा करनी होगी।
इसके साथ ही प्रथम यूनिट टेस्ट के बाद प्रत्येक विद्यार्थी का होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) भरने और अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद उसमें जरूरी जानकारियां अपडेट करने पर जोर दिया जाएगा। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके समग्र विकास का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रखा जा सकेगा।
निपुण लक्ष्य और डिजिटल पोर्टल की होगी समीक्षा
बैठकों में निपुण लक्ष्य ऐप और निपुण तालिका के इस्तेमाल पर भी चर्चा होगी। विद्यार्थियों के सीखने के स्तर के अनुसार शिक्षण रणनीति तैयार करने और उसे कक्षा में लागू करने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यालय, विद्यार्थी और शिक्षक प्रोफाइल से जुड़े आंकड़ों को अपडेट करने तथा आने वाली समस्याओं के समाधान पर भी विचार किया जाएगा। प्रेरणा पोर्टल पर विद्यालयों में आयोजित खेलकूद गतिविधियों की जानकारी समय पर और सही तरीके से दर्ज करने की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल है।
प्रार्थना सभा और आगामी कार्ययोजना पर भी होगा मंथन
बैठकों में विद्यालयों की प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा होगी। इसके तहत पहले से साझा की गई 13 प्रार्थनाओं और प्रेरणा गीतों का नियमित एवं क्रमवार आयोजन सुनिश्चित करने की योजना बनाई जाएगी। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
बैठक के अंतिम चरण में शिक्षकों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही आगामी माह की शैक्षिक प्राथमिकताओं और कार्ययोजना पर चर्चा होगी। 'आज क्या नया सीखा?' गतिविधि के जरिए शिक्षक अपने अनुभव साझा करेंगे। बैठक का समापन प्रत्येक विद्यालय को निपुण विद्यालय या ग्रेड-कम्पोजिट विद्यालय बनाने के संकल्प के साथ किया जाएगा।