उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। प्रेमनगर इलाके में पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास तेज पानी के बहाव में एक SUV बह गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को SDRF की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। SDRF के मुताबिक, देर रात कंडोली पुल के पास बारिश के पानी के तेज बहाव में एक वाहन के बहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डकपत्थर से सहायक उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
SDRF के अधिकारी के अनुसार, हादसे के समय वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। तेज बहाव के कारण कार पानी में बह गई। रात में खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद SDRF की टीम ने लगातार खोज और बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक घायल युवती मिली। उसकी पहचान गुलशन बावेजा की बेटी सहज के रूप में हुई। SDRF ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया।
SDRF की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश जारी रखी। काफी मशक्कत के बाद वाहन में सवार अन्य दो लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों में 20 वर्षीय अक्षय, जो राजस्थान के जयपुर का रहने वाला था, और एक अज्ञात युवती शामिल हैं। दोनों के शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद SDRF को पहले ही हाई अलर्ट पर रखा गया था। SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने राज्य में तैनात टीमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक भी की थी। बैठक में सभी कंपनी कमांडर शामिल हुए। कमांडेंट ने अलग-अलग इलाकों में तैनात टीमों से मौसम और हालात की जानकारी ली और सभी टीमों को बारिश के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने टीमों को रेस्क्यू उपकरण और जरूरी सुरक्षा सामान के साथ तैयार रहने को कहा था। इसी बीच देहरादून में हुए इस हादसे के बाद SDRF की टीम ने रातभर अभियान चलाकर एक युवती की जान बचाई और दो लोगों के शव बरामद किए।