भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार खेल दिखाते हुए हांगकांग ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बना ली है, खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को तीन गेम तक चले मुकाबले में शिकस्त दी।
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके अल्मोड़ा के 25 वर्षीय लक्ष्य ने आठवीं वरीयता प्राप्त लोह को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया। हाल ही में हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान का खिताब अपने नाम करने वाले लक्ष्य अब सेमीफाइनल में डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन और चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त झू ज़ुआन चेन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे।
पुरुष युगल में भी भारत को बड़ी सफलता मिली। पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी को हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने 59 मिनट तक चले मुकाबले में 21-12, 13-21, 21-16 से जीत दर्ज की।
सात्विक और चिराग ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, निर्णायक गेम में दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला जीत लिया। सेमीफाइनल में उनका सामना डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड या मलेशिया के मैन वेई चोंग और टी काई वुन की जोड़ी से होगा।
वहीं, महिला एकल में रक्षिता रामराज का सफर क्वार्टर फाइनल में थम गया। उन्हें थाईलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग ने 21-19, 21-16 से हराया। इससे पहले रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फी को 21-18, 24-22 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उन्होंने पहले दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को भी मात दी थी।