अभिनेता इमरान हाशमी की हालिया रिलीज फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। मेकर्स के मुताबिक, रिलीज के 15 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 220.49 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
फिल्म के मेकर्स ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। फिल्म के पोस्टर पर ग्लोबल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 220.49 करोड़ रुपये बताया गया है। मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “वे फैंस जिन्होंने 19 साल इंतजार किया। वे दर्शक जिन्होंने पहली बार शिवम को जाना। वे लोग जिन्हें गाने पसंद आए। दुनिया भर में 220.49 करोड़ रुपये। 15 दिन। यह आंकड़ा आप सभी का है। शिवम को वापस लाने के लिए धन्यवाद।”
‘आवारापन 2’ साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। पहली फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था और इमरान हाशमी ने इसमें ‘शिवम’ का किरदार निभाया था। फिल्म को रिलीज के कई साल बाद दर्शकों के बीच कल्ट का दर्जा मिला, खासकर इसके शानदार संगीत की वजह से। ‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं दिशा पाटनी जारा और शबाना आजमी नफीसा नवाज की भूमिका में हैं।
फिल्म की कहानी शिवम के इर्द-गिर्द घूमती है। वह तस्करी का शिकार हुए बच्चों को बचाने के लिए बैंकॉक के खतरनाक अंडरवर्ल्ड में दोबारा कदम रखता है। कहानी में एक्शन, भावनाओं और पुराने किरदार की वापसी का मेल देखने को मिलता है। फिल्म में पूरन गब्बी, सुविंदर विक्की और अनिरुद्ध रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स ने प्रस्तुत किया है, जबकि इसका निर्माण विशेष भट्ट ने किया है।
2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन समय के साथ फिल्म ने बड़ी संख्या में फैंस बनाए। फिल्म का संगीत इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक रहा। ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’ जैसे गाने आज भी श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। ‘आवारापन 2’ की सफलता के साथ अब इमरान हाशमी के ‘शिवम’ की कहानी को एक नई पहचान मिल रही है।