Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

संविधान दिवस पर BJP का देशव्यापी अभियान, Gen Z और युवाओं को साधने की तैयारी

BJP: भारतीय जनता पार्टी ने संविधान दिवस के मौके पर देशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की है। यह अभियान 26 से 30 नवंबर तक पांच दिनों तक चलेगा। इसके जरिए पार्टी की खास नजर युवाओं, छात्रों और Gen Z पर रहेगी। अभियान के दौरान विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की विशेषताओं, उसके मूल सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों और नागरिकों के दायित्वों से अवगत कराया जाएगा।

बीजेपी इस मुहिम को शैक्षणिक संस्थानों तक भी पहुंचाने की योजना बना रही है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में विशेष आयोजन किए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों के साथ संवाद कर संविधान के महत्व पर चर्चा होगी।

पार्टी नेतृत्व ने लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में संविधान जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सांसदों को युवाओं और छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजनीतिक नजरिए से यह अभियान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि विपक्ष लगातार बीजेपी पर संविधान में बदलाव करने और आरक्षण खत्म करने की मंशा रखने का आरोप लगाता रहा है। ऐसे में पार्टी इस पहल के माध्यम से संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने और विपक्ष के आरोपों के बीच अपनी बात जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी ने अपने चुनावी एजेंडे को भी धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी आगामी चुनाव में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा को तीन प्रमुख आधार बनाकर जनता के बीच जाने की रणनीति तैयार कर रही है।

मंगलवार को मथुरा में आयोजित पार्टी की बैठक में इन मुद्दों पर विस्तार से मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार, बैठक में चुनावी प्रचार की दिशा तय करने और मतदाताओं तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के तहत बीजेपी कृष्ण जन्मभूमि और समान नागरिक संहिता यानी UCC जैसे मुद्दों को चुनावी चर्चा के केंद्र में रख सकती है। वहीं, विकास के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रचारित करने की तैयारी है।

इसके अलावा, सुरक्षा के मुद्दे पर महिला सुरक्षा को विशेष महत्व दिए जाने की संभावना है। पार्टी इन तीनों विषयों के जरिए मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास करेगी।

बैठक में पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और असंतोष को दूर करने पर भी जोर दिया गया। नेतृत्व ने असंतुष्ट कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनके मतभेद सुलझाने और उन्हें संगठन के साथ सक्रिय रूप से जोड़ने का फैसला किया है। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर प्रचार अभियान में उतारना है।