केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक मोटरसाइकिल की टक्कर फिल्म अभिनेता मणियनपिल्ला राजू की कार से होने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सूरज (20) और निदेव (20) के रूप में हुई है, जो तिरुवनंतपुरम के निवासी हैं। म्यूजियम थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे वेल्लायंबलम-वाझुथक्कड़ मार्ग पर त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुआ।
पुलिस ने बताया कि सुब्रमणियम हॉल में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राजू अपनी कार से वेल्लायंबलम-वाझुथक्कड़ मार्ग पर जा रहे थे, तभी उनकी कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। पुलिस ने कहा कि अभिनेता ने वाहन नहीं रोका और घायलों की सहायता किए बिना मौके से चले गए।
मौके पर एकत्र लोगों ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके शरीर में कई फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जान को खतरे में डालने वाले कृत्य और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता न करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि वाहन अभिनेता मणियनपिल्ला राजू ही चला रहे थे।
शुक्रवार सुबह म्यूजियम थाने पहुंचे राजू ने कहा कि एक मोटरसाइकिल उनकी कार से टकराई थी, जिसकी पुष्टि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद होगी। उन्होंने कहा, “मैं सड़क पार करने के लिए धीरे-धीरे कार चला रहा था, तभी मोटरसाइकिल वाहन से टकरा गई। मैंने आवाज सुनी और किसी को गिरते हुए देखा। वहां से निकलने के बाद मैंने एक व्यक्ति से संपर्क करके एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा।”
राजू ने पुष्टि की कि कार वह स्वयं चला रहे थे और स्वास्थ्य कारणों से वह मौके से चले गए थे। उन्होंने कहा, “मैं कैंसर का मरीज हूं और हाल ही में मुझे चिकनगुनिया भी हो गया है। इसके अलावा, मेरी पत्नी घर पर अकेली थीं।” अभिनेता ने बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क करके रात में थाने आने में असमर्थता जताई थी और सुबह उपस्थित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि वाहन पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
अभिनेता मणियनपिल्ला राजू की कार से बाइक की टक्कर, दो युवक घायल
You may also like
उत्तर प्रदेश के शेर हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरिद्वार में बोले संत.
Up: भूकंप के झटकों से हिला गोंडा, 3.7 रही तीव्रता.
300 रुपये के बकाया ने ली जान, शौचालय में गला दबाकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार.
मेघालय खदान विस्फोट: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 19, दो लोग गिरफ्तार.